एचटीपीएस से सेवानिवृत्त हुए दो कर्मी को पावर कंपनी परिवार ने दी भावपूर्ण विदाई

कोरबा 03 अगस्त। हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम में वर्षों तक अपनी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए दो कर्मचारियों को पावर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण एवं गरिमामयी विदाई दी गई। जुलाई माह में लेखाधिकारी संतोष कुमार साहू एवं दफ्तरी रामबाई टंडन सेवानिवृत्त हुए। दोनों कर्मचारियों ने अपने 31 से 35 वर्षों के दीर्घ सेवाकाल में संस्थान के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया।

श्रम कल्याण केंद्र (जूनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके. गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए पावर कंपनी परिवार की ओर से उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक संस्था को दी गई सेवाएं हमेशा स्मरणीय रहेंगी। समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके. पांडे, पीके. जोशी, केएनबी. राव, एसके. नायर, एससी. पाठक तथा परियोजना प्रबंधक एसके. पंड्या विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने एचटीपीएस में बिताए वर्षों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए सहकर्मियों एवं पावर कंपनी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। अपने साथियों से विदाई लेते समय माहौल भावुक हो गया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के सेवाकाल एवं जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया। समारोह में एचटीपीएस के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे। सहकर्मियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी जीवन को स्वस्थ, शांतिपूर्ण और सुखद बनाने की कामना की।

Spread the word