विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल कोरबा द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन

कोरबा। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, जिला कोरबा के तत्वावधान में रविवार को टी.पी. नगर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन, सद्बुद्धि यज्ञ एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संसद परिसर में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव के कथित कृत्य के विरोध में किया गया, जिसे संगठन एवं उपस्थित संत-महात्माओं ने भगवान श्रीराम, श्रीराम मंदिर एवं सनातन आस्था का अपमान बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सनातन विरोधी राहुल गांधी एवं पप्पू यादव की सद्बुद्धि हेतु यज्ञ से हुई। उपस्थित पुजारियों ने यज्ञ के माध्यम से प्रार्थना की कि समाज में धार्मिक सौहार्द बना रहे तथा सभी जनप्रतिनिधि भारत की सनातन परंपरा, संत-महात्माओं एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करें।

इसके पश्चात विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान भगवान श्रीराम और सनातन परंपरा से जुड़ी हुई है, इसलिए किसी भी प्रकार की टिप्पणी अथवा कृत्य जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत होती हों, उसका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से पुतला दहन किया तथा धार्मिक आस्था के सम्मान की मांग उठाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी मुर्दाबाद”, “अखिलेश यादव मुर्दाबाद”, “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” तथा “इंडी एलायंस मुर्दाबाद” के नारे लगाए। साथ ही “जय श्रीराम”, “जय जय श्रीराम” एवं “सनातन का सम्मान – राष्ट्र का सम्मान” के उद्घोषों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के जिला एवं नगर स्तर के पदाधिकारी, दायित्ववान कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सनातन समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सनातन संस्कृति एवं धार्मिक आस्था के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन भारत माता एवं भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ। संगठन ने कहा कि वह भविष्य में भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण माध्यमों से सनातन समाज से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखता रहेगा।

Spread the word