हसदेव आरती का प्रथम वार्षिकोत्सव 25 जुलाई को, देवशयनी एकादशी पर माँ सर्वमंगला मंदिर घाट में होगा भव्य आयोजन

नमामि हसदेव सेवा समिति ने हसदेव नदी संरक्षण और जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों से सपरिवार सहभागिता की अपील की

कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी के संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित की जाने वाली हसदेव आरती के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रथम वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में आयोजित होगा।

नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों तथा अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने, उनके संरक्षण तथा नदी तटों के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की पूर्णिमा को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिक शामिल होते हैं। हसदेव आरती के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाला यह प्रथम वार्षिकोत्सव संत राम रूप दास महात्यागी जी, प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय संत समिति, छत्तीसगढ़ ‘रामाश्रय’ श्री हरिहर क्षेत्र केदार, मदकू द्वीप के सानिध्य में संपन्न होगा। धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले इस कार्यक्रम को विशेष रूप से देवशयनी एकादशी के शुभ अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती संजू देवी राजपूत, महापौर, नगर पालिक निगम, कोरबा उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में श्री हितानंद अग्रवाल, श्रीमती धन कुमारी गर्ग, श्रीमती उर्वशी राठौर तथा श्री अजय कुमार चन्द्रा, सभी महापौर परिषद सदस्य, नगर पालिक निगम, कोरबा अपनी सहभागिता देंगे।

नमामि हसदेव सेवा समिति ने जिले के नागरिकों, श्रद्धालुओं तथा प्रकृति प्रेमियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अपने परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर हसदेव नदी संरक्षण के संकल्प को मजबूत करें तथा धार्मिक और सामाजिक दायित्व के इस अभियान में सहभागी बनें।

विदित रहे कि नमामि हसदेव सेवा समिति का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि हसदेव नदी और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में आयोजित हसदेव आरती के प्रथम वार्षिकोत्सव में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

Spread the word