उफनते नाले में बाइक समेत बहा युवक, 12 घंटे बाद 3 किमी दूर झाड़ियों में मिला शव, साथी ने तैरकर बचाई जान

कोरबा 22 जुलाई। प्रदेश में पिछले 24 घण्टे से लगातार हो रही बारिश के बीच जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वनांचल क्षेत्र नकिया में उफनते नाले को पार करने की कोशिश में नाले के तेज बहाव में युवक बाइक समेत बह गया। घटना के 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त तलाश के बाद लापता युवक का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। वहीं घटना के वक्त बाइक सवार युवक के साथ मौजूद उसका साथी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के मुताबिक घटना लेमरू थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि वनांचल ग्राम नकिया में 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार का परिवार निवास करता है। मंगलवार को राहुल अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ सोमवार को घरेलू काम से कोरबा शहर आया था। देर शाम दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था। ग्रामीणों के मुताबिक नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था, लेकिन राहुल ने बाइक से ही नाला पार करने की कोशिश की।
इसी दौरान उसका साथी बुधराम खतरा भांपते हुए बाइक से उतर गया। राहुल जैसे ही बाइक लेकर नाले में उतरा, तेज बहाव ने उसे बाइक समेत अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद बुधराम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पानी का स्तर कुछ कम होने पर गांव पहुंचकर परिजनों और पुलिस को हादसे की सूचना दी। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण सोमवार रात युवक की तलाश संभव नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया।
कई घंटे की तलाश के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नाले में बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर नाले पार करने की कोशिश कर रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने की छोटी-सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल लेमरू पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं।
