ट्रैफिक सेंस की कमी, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हुई कार्रवाई

कोरबा 18 जुलाई। सडक सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने और नियमित कार्रवाई के बावजूद पावर सिटी कोरबा में ट्रैफिक सेंस की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। शहर में लोग मनमाने ढंग से कहीं भी वाहन खड़े कर रहे हैं, नो-पार्किंग क्षेत्रों में पार्किंग कर रहे हैं और कई स्थानों पर सिग्नल जंप करने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद नियम तोडने के मामलों में अपेक्षित कमी नहीं आ रही है। शहर के पावर हाउस रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, सीएसईबी चौक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक सहित अन्य व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है। अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक (क्लैंप) लगाया जा रहा है तथा नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सडक किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े किए जाने से यातायात बाधित होता है, जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के निर्देशन तथा यातायात डीएसपी डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
यातायात शाखा के सहायक उपनिरीक्षक मनोज राठौर ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।यदि नागरिक स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें और सिग्नल व अन्य यातायात संकेतों का सम्मान करें, तो शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बन सकती है।
