तांत्रिक पर 40 लाख की ठगी का आरोप, भाई की मौत का राज बताने के नाम पर डॉक्टर से ऐंठे रुपये और XUV, FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कथित तांत्रिक पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाई की संदिग्ध मौत का रहस्य बताने का झांसा देकर तांत्रिक ने एक डॉक्टर से लाखों रुपये, नगदी और एक XUV वाहन ले लिया। शिकायत के आधार पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी तांत्रिक फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित डॉक्टर त्रृषभ चौबे गाजियाबाद के निवासी हैं। उनके भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत के पीछे की सच्चाई जानने और उससे जुड़े रहस्य का पता लगाने के उद्देश्य से उन्होंने रायपुर के कथित तांत्रिक बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तांत्रिक ने विशेष तांत्रिक अनुष्ठान और भाई की मौत का राज बताने का दावा करते हुए डॉक्टर से चरणबद्ध तरीके से बड़ी रकम, नगदी और एक XUV वाहन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बावजूद न तो उसने कोई जानकारी दी और न ही बाद में संपर्क में आया।
खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर डॉक्टर ने खम्हारडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपी तांत्रिक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
