गैस सिलेंडर के पास निकला नाग, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा

कोरबा 27 जून। जिले में उमस भरे मौसम और बारिश के बीच सांपों की आवाजाही बढ़ गई है। शुक्रवार देर रात नकटीखार क्षेत्र के एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर के पास नाग दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे वन्यजीव रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
घटना रात करीब 11.30 बजे की है। परिवार के सदस्य रसोई में थे, तभी उनकी नजर गैस सिलेंडर के पास कुंडली मारकर बैठे नाग पर पड़ी। सांप को देखते ही सभी लोग घर से बाहर निकल गए और तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने स्नेक हुक और विशेष बैग की सहायता से सावधानीपूर्वक नाग का रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को आबादी से दूर उसके प्राकृतिक आवास वाले जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यूअर ने बताया कि बरसात और उमस के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने या पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
