मोहर्रम को लेकर कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा का दिया संदेश

कोरबा 26 जून। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शहर में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में निकाले गए मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित पुलिस अधिकारियों ने किया।
टी.पी. नगर चौक से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शारदा विहार तिराहा, सुनालिया चौक, पावर हाउस रोड, ओवरब्रिज के नीचे होते हुए पुराना बस स्टैंड तक पहुंचा। करीब 70 पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने इसमें भाग लिया। पुलिस ने आमजन से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही गई है।
