कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर पलटा, बाल-बाल बचे राहगीर

कोरबा 23 जून। कोरबा जिले के कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरमपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में राहगीर बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 4 बजे की है, जब ट्रेलर (सीजी 12 बीएम 7649) बरमपुर मोड़ के पास अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरमपुर मोड़ नहर मार्ग पर स्थित है, जहां सड़क सिंगल है और मोड़ पर भारी वाहनों की रफ्तार अक्सर तेज रहती है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। जिस तरह से ट्रेलर पलटा, उससे बड़ा हादसा हो सकता था और राहगीर इसकी चपेट में आ सकते थे।
घटना के बाद प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग उठने लगी है।
