प्रवेश उत्सव के साथ नए शिक्षा सत्र की शुरुआत, स्कूलों में लौटी रौनक

कोरबा 16 जून। जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में मंगलवार से नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत प्रवेश उत्सव के साथ हुई। लंबे ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालयों के खुलते ही परिसर में फिर से चहल-पहल और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नए और पुराने विद्यार्थियों का शिक्षकों ने स्वागत किया तथा कई स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रवेश उत्सव मनाया गया। अप्रैल माह में वार्षिक परीक्षाओं के संपन्न होने के बाद ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था। इसके बाद से विद्यालय बंद थे और विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी विश्राम का पर्याप्त अवसर मिला।

इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में समय बिताया, जबकि शिक्षक भी आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों में जुटे रहे। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि स्कूल खुलने की तिथि आगे बढ़ाई जा सकती है तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश में कुछ और दिनों की वृद्धि की जा सकती है। हालांकि राज्य सरकार ने ऐसी सभी संभावनाओं को खारिज करते हुए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से विद्यालय खोलने का निर्णय बरकरार रखा। मंगलवार सुबह से ही विद्यालयों के बाहर विद्यार्थियों और अभिभावकों की आवाजाही बढ़ गई। नए बैग, किताबें और यूनिफॉर्म पहनकर पहुंचे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।कई स्कूलों में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर तथा मिठाई बांटकर स्वागत किया गया।

Spread the word