श्री अग्रसेन नवयुवक मंच एवं अग्रवाल सभा के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क जांच व रक्तदान शिविर आज

कोरबा 14 जून। समाज सेवा एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए श्री अग्रसेन नवयुवक मंच, कोरबा एवं अग्रवाल सभा, कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 14 जून 2026, रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10ः00 बजे से सायं 4ः00 बजे तक आरोग्य धाम हॉस्पिटल, ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा में आयोजित होगा।
इस संबंध में नवयुवक मंच के अध्यक्ष प्रियम अग्रवाल के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श उपलब्ध कराना तथा रक्तदान के महत्व को समाज तक पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। साथ ही इच्छुक नागरिकों से रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस महाअभियान में सहभागी बनने की अपील की जाएगी।
श्री अग्रसेन नवयुवक मंच के पदाधिकारियों ने शहर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के सफल संचालन में मंच एवं सभा के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों का संदेश है कि एक यूनिट रक्तदान, तीन जिंदगियों की मुस्कान तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
