सलिहाभांठा में सरपंच उपचुनाव के लिए मतदान जारी, 1456 मतदाता तय करेंगे नए नेतृत्व का भविष्य

कोरबा 01 जून। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए सोमवार को मतदान जारी है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। पंचायत के 1456 मतदाता दो प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चला।
युवा सरपंच के निधन के बाद हो रहा उपचुनाव
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सलिहाभांठा पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. बंशीलाल महतो और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का गृह ग्राम है। वर्ष 2025 में हुए पंचायत चुनाव में युवा प्रत्याशी नवरंगलाल कंवर ने सरपंच पद पर जीत हासिल की थी। ग्रामीणों ने पंचायत के विकास की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी थी, लेकिन चुनाव के करीब तीन महीने बाद ही उनके आकस्मिक निधन से पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई थी। नवरंगलाल कंवर के निधन के बाद सरपंच पद रिक्त हो गया था, जिस पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
ननकीराम कंवर के परिवार के दो सदस्यों में सीधा मुकाबला
इस चुनाव की सबसे खास बात यह है कि मुकाबला पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के परिवार के दो सदस्यों के बीच है। चुनाव मैदान में उनकी भांजा बहू प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर और सगे भतीजे विजय कंवर आमने-सामने हैं।
प्रभा देवी इससे पहले भी एक कार्यकाल के लिए सरपंच रह चुकी हैं, जबकि विजय कंवर पंचायत के समग्र विकास के वादे के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। दोनों प्रत्याशी लगातार मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे रहे हैं।
पहली बार मुख्य ग्राम से नहीं आया कोई उम्मीदवार
ग्राम पंचायत सलिहाभांठा के इतिहास में यह पहली बार है जब मुख्य ग्राम सलिहाभांठा से सरपंच पद के लिए कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं है। पंचायत के लगभग 60 प्रतिशत मतदाता मुख्य ग्राम सलिहाभांठा में रहते हैं, लेकिन इस बार नेतृत्व की जिम्मेदारी आश्रित ग्राम बंधवाभांठा के प्रत्याशियों पर छोड़ दी गई है।
सलिहाभांठा के मतदाता बनेंगे गेम चेंजर
सरपंच चुनाव के लिए पंचायत में कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 1456 मतदाताओं में 745 पुरुष और 711 महिला मतदाता शामिल हैं। चूंकि कुल मतदाताओं का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा सलिहाभांठा गांव का है, इसलिए यहां के मतदाता चुनाव परिणाम में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
