ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी: आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी ने कहा- अगले युद्ध के लिए एकजुट हो रहीं तीनों सेनाएं

पुणे, 30 मई । सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कहा, भारत ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की हरकतों के जवाब में सेना ने जो रुख अपनाया था, वह अभी भी कायम है। सेना प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और मौजूदा हालात को दुश्मनी में अस्थायी विराम बताया। जनरल द्विवेदी ने पाकिस्तान का सीधे तौर पर नाम लिए बिना भारत की सैन्य तैयारियों जिक्र करते हुए एक कड़ा संदेश दिया। उन्होंने संकेत दिया कि अगर कोई नया ऑपरेशन जरूरी हो जाता है तो न केवल सेना, बल्कि वायुसेना और नौसेना भी पूरी तरह तैयार हैं।
सेना प्रमुख ने कहा, भारतीय सेना और तीनों सेनाएं ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए अच्छी तैयारी कर रही हैं, अगर ऐसा होता है तो। फिलहाल, हम तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं और अगले युद्ध के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं… 24&7। उन्होंने आगे कहा, युद्ध का मैदान इतना खुला है कि हर हरकत की जानकारी दूसरी तरफ वालों को होती है। इसलिए, हमें अपनी तैनाती, इस्तेमाल और अपने सैनिकों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा के मामले में बहुत ज्यादा सतर्क रहना होगा। जनरल द्विवेदी ने कहा कि इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर तभी सफल होता है, जब यह पूरे देश को एक साझा नैरेटिव के पीछे एकजुट कर दे।
उन्होंने कहा, सूचना युद्ध तभी सफल होता है जब पूरा देश एकजुट हो जाए और उन लोगों पर भरोसा करे जो जानकारी दे रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो मैं आपको यकीन दिला सकता हूं कि जो देश एक-दूसरे पर और इन सभी हितधारकों पर भरोसा करता है, वह हमेशा युद्ध जीतेगा।
