सुप्रीम कोर्ट पहुंचा भोजशाला विवाद, मुस्लिम पक्ष की एक और याचिका दायर

धार. भोजशाला मामले में 15 मई को आए मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अब मुस्लिम पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका दायर की गई है। बाबा कमाल मौलाना वेलफेयर सोसायटी ने सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दाखिल करते हुए हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी है। इस याचिका में हिंदू पक्ष के उन सभी प्रमुख पक्षकारों को भी पक्षकार बनाया गया है, जो पहले से हाईकोर्ट में मामले से जुड़े रहे हैं। इससे पहले काजी मोईनुद्दीन की ओर से भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जा चुकी है। दोनों याचिकाएं फिलहाल लंबित हैं और अभी तक सुनवाई की तारीख निर्धारित नहीं हुई है।

इधर, मामले के बीच हिंदू संगठनों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजना अग्निहोत्री बुधवार से चार दिवसीय धार प्रवास पर रहेंगी। उनके दौरे को लेकर धार्मिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। अपने प्रवास के दौरान वे धारेश्वर महादेव मंदिर और भोजशाला पहुंचकर मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना करेंगी। साथ ही वे लाट मस्जिद-विजय मंदिर परिसर का भीं अवलोकन करेंगी।

Spread the word