कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता का नया अध्याय: सिद्दरमैया जाएंगे राज्यसभा, शिवकुमार संभालेंगे कमान

नई दिल्ली। कर्नाटक कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी हाईकमान सिद्दरमैया को सम्मानजनक तरीके से हटाकर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

6 घंटे से अधिक लंबी बैठक चली

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार की हाल ही में हुई 6 घंटे से अधिक लंबी बैठक में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र रहा।

बैठक के दौरान राहुल गांधी ने सिद्दरमैया से एकांत मुलाकात में पार्टी में राष्ट्रीय भूमिका निभाने का प्रस्ताव रखा। उन्हें एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा गया है।

तीन साल बाद बदलाव का रास्ता लगभग साफ

कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उप मुख्यमंत्री डी. शिवकुमार के बीच शुरुआत में ढाई- ढाई साल की सत्ता की शर्त के साथ शुरू हुई कांग्रेस सरकार में आखिरकार तीन साल बाद बदलाव का रास्ता लगभग साफ हो गया है। बताया जाता है कि राहुल गांधी से चर्चा के बाद आखिरकार सिद्दरमैया राज्य की सत्ता छोड़ राज्यसभा जाने के लिए तैयार हो गए हैं। हालांकि राज्य के मंत्रिमंडल और राज्यसभा में दूसरे सदस्यों के नामांकन में भी सिद्दरमैया की पसंद को माना जाएगा।

Spread the word