ईरान युद्ध के बीच मस्क ने बढ़ाईं इंटरनेट दरें, पेंटागन पांच गुना ज्यादा देने को मजबूर

न्यूयॉर्क। ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी सेना और एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के बीच स्टारलिंक इंटरनेट सेवा की कीमत को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।अमेरिकी सेना युद्ध में जिन कॉमिकाजे ड्रोन ‘लुकास’ का इस्तेमाल कर रही थी, वे स्टारलिंक नेटवर्क से संचालित हो रहे थे। इसी बीच स्पेसएक्स ने इन ड्रोन के लिए इंटरनेट कनेक्शन शुल्क कई गुना बढ़ाने की मांग कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में पेंटागन प्रत्येक स्टारलिंक टर्मिनल के लिए करीब पांच हजार डॉलर चुका रहा था। लेकिन स्पेसएक्स का कहना था कि लुकास नामक आत्मघाती ड्रोन सामान्य इंटरनेट सेवा नहीं, बल्कि विमान श्रेणी की हाई-एंड सेवा इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसकी वास्तविक कीमत 25 हजार डॉलर प्रतिमाह होनी चाहिए।

लुकास ड्रोन की लागत लगभग दोगुनी हो गई

अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने इसका विरोध किया। उनका तर्क था कि यह शुल्क विमानों के लिए तय किया गया था, जबकि ये ड्रोन केवल कुछ मिनटों या घंटों के लिए नेटवर्क का उपयोग करते हैं। हालांकि ईरान पर हमले तेज होने और सेना की निर्भरता बढ़ने के कारण पेंटागन को अंततः बढ़ी हुई कीमत माननी पड़ी। इससे प्रत्येक लुकास ड्रोन की लागत लगभग दोगुनी हो गई।

युद्ध में स्टारलिंक की बढ़ती भूमिका

रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से आधुनिक युद्ध में स्टारलिंक की भूमिका तेजी से बढ़ी है। यह नेटवर्क दूरदराज इलाकों में भी सुरक्षित संचार और सटीक हमलों में मदद करता है। स्पेसएक्स के करीब 10 हजार उपग्रह पृथ्वी की कक्षा में सक्रिय हैं, जो दुनिया के कुल सक्रिय उपग्रहों का बड़ा हिस्सा माने जाते हैं।

अमेरिकी सेना स्टारलिंक का सैन्य संस्करण ‘स्टारशील्ड’ इस्तेमाल करती है। इसका उपयोग ड्रोन, मानवरहित नौकाओं और अन्य सैन्य प्रणालियों में हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान युद्ध शुरू होने तक एक दर्जन से अधिक ड्रोन सिस्टम स्टारशील्ड से जुड़े हुए थे।

ईरान में इंटरनेट सेवा पर भी खींचतान

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अमेरिका ईरान में सरकारी इंटरनेट प्रतिबंधों को दरकिनार कर नागरिकों को सीधी मोबाइल इंटरनेट सेवा देना चाहता था। इसके लिए स्पेसएक्स ने ‘डायरेक्ट-टू-सेल’ सेवा का प्रस्ताव रखा, जो बिना टर्मिनल के सीधे मोबाइल फोन को सैटेलाइट नेटवर्क से जोड़ सकती है।

लेकिन स्पेसएक्स ने इस सेवा को शुरू करने के लिए 50 करोड़ डॉलर और संचालन के लिए 10 करोड़ डॉलर प्रतिमाह की मांग की, जिससे पेंटागन के अधिकारी चिंतित हो गए। फिलहाल इस पर अंतिम समझौते की पुष्टि नहीं हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी सेना की बढ़ती निर्भरता ने एलन मस्क और स्पेसएक्स को राष्ट्रीय सुरक्षा के बेहद अहम क्षेत्र में बड़ी रणनीतिक ताकत दे दी है।

Spread the word