बंगाल: मैंने बेटी खोई और ममता ने कुर्सी, आरजी कर पीड़िता की मां का पूर्व सीएम पर निशाना

कोलकाता । आरजी कर मेडिकल कालेज व अस्पताल में दुष्कर्म व हत्या की शिकार हुई महिला डाक्टर की मां व पानीहाटी से भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने बेटी खोई है और ममता बनर्जी ने अपनी कुर्सी। सोमवार को राज्य सचिवालय नबान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद उन्होंने इंटरनेट माध्यम पर पोस्ट में लिखा-‘मैं नवान्न की 14वीं मंजिल पर मौजूद हैं, जहां कभी ममता बनर्जी बैठती थीं और अब वहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ उनकी बैठक हो रही है।

ईमानदारी की ताकत बहुत बड़ी होती है। अन्याय के खिलाफ धैर्य के साथ लड़ाई लड़नी पड़ती है। आज मैं और ममता दोनों ही सर्वहारा हैं। मैंने अपनी इकलौती बेटी खोई है और लोगों के लिए काम करने का संकल्प लिया है, जबकि उन्होंने (ममता बनर्जी) ने 14वीं मंजिल की अपनी कुर्सी खो दी है।

रत्ना ने आगे लिखा कि आने वाले दिनों में लोग ममता और उनकी आपराधिक टीम का और भी दुखद अंजाम देखेंगे। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा-‘मेरा परिचय यही है कि मैं डाक्टर देवनाथ की गर्वित मां हूं।

रत्ना ने मुख्यमंत्री को एक सीलबंद लिफाफे में आरजी कर कांड के संदिग्धों के नाम सौंपे हैं। उनका कहना है कि इन नामों की जानकारी पहले भी जांच एजेंसियों को दी गई थी। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बावजूद उनकी जिंदगी से सारी खुशियां खत्म हो चुकी हैं और अब उनका एकमात्र लक्ष्य न्याय हासिल करना है।

Spread the word