September 11, 2026
News

बालको सीएसआर फण्ड एवं जिला प्रशासन के सहयोग से 200 विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क सीजीपीएससी व व्यापम परीक्षा कोचिंग

कोरबा 23 मई। गत वर्ष की सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बालको सीएसआर फण्ड एवं जिला प्रशासन के सहयोग से सामाजिक हित में 200 छात्र-छात्राओं का चयन निःशुल्क सिविल सेवा परीक्षा कोचिंग हेतु किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराना है।

विद्यार्थियों का चयन एंट्रेंस एग्जाम के माध्यम से किया जाएगा। यह एंट्रेंस एग्जाम 31 मई 2026 को आयोजित होगा, जिसका परिणाम 10 जून 2026 को घोषित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं 15 जून 2026 से प्रारंभ होंगी। एंट्रेंस एग्जाम हेतु इच्छुक अभ्यर्थी दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। चयनित विद्यार्थियों को पाथ आईएएस एकेडमी के अनुभवी शिक्षकों द्वारा सिविल सेवा परीक्षाओं की विशेष एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष इस योजना के अंतर्गत चयनित होकर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों में से मात्र 04 माह के अल्पकालिक प्रयास में लगभग 19 विद्यार्थियों का चयन राज्य शासन की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुआ है, जो इस पहल की सफलता एवं प्रभावशीलता को दर्शाता है। एंट्रेंस एग्जाम एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी मोबाइल नम्बर 8224922922 एवं 7828112222 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा पाथ आईएएस एकेडमी कार्यालय, लाइवलीहुड कॉलेज, रामपुर कोरबा पहुंचकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।