राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव का ऐलान: 10 राज्यों में 18 जून 2026 को मतदान, बड़े नेताओं का कार्यकाल होगा समाप्त

नईदिल्ली। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए देश के 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीख घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार, इन सीटों के लिए मतदान 18 जून 2026 को कराया जाएगा। तारीखों की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और दलों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
किन राज्यों में होंगे चुनाव?
चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन 10 राज्यों में राज्यसभा की सीटें खाली हो रही हैं, उनमें शामिल हैं—
आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम।
इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में 4-4 सीटें,मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटें,झारखंड में 2 सीटें मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में 1-1 सीट पर मतदान होगा।
कई दिग्गज नेताओं की विदाई तय
इस चुनाव के साथ राज्यसभा से कई वरिष्ठ नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
राजस्थान से भी तीन सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
चुनावी कार्यक्रम तय, नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी 1 जून से
चुनाव आयोग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि—
1 जून 2026 को अधिसूचना जारी होगी
8 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे
9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी
11 जून तक नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी
और 18 जून को मतदान कराया जाएगा
बैंगनी पेन से होगा मतदान, सख्त निगरानी व्यवस्था
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया बैंगनी रंग का विशेष स्केच पेन ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।
इसके साथ ही निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी राज्यों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
राजनीतिक हलचल तेज
चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक दलों में बैठकों और रणनीति का दौर तेज हो गया है। राज्यसभा की इन अहम सीटों पर जीत-हार से राष्ट्रीय राजनीति के समीकरणों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Spread the word