CGPSC मुख्य परीक्षा और D.El.Ed एग्जाम की तारीख टकराई, अभ्यर्थियों में बढ़ी चिंता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा और Chhattisgarh Public Service Commission की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की तिथियों में टकराव होने से छात्र परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के तहत 8 जून 2026 को D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा आयोजित की जानी है। वहीं CGPSC की मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रस्तावित है। ऐसे में कई अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में एक साथ शामिल नहीं हो पाएंगे।

अभ्यर्थियों का कहना है कि CGPSC मुख्य परीक्षा उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, वहीं अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित बड़ी शिक्षक भर्ती में शामिल होने के लिए D.El.Ed परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। यदि वे 8 जून की परीक्षा नहीं दे पाए तो शिक्षक भर्ती की पात्रता से वंचित हो सकते हैं।

प्रभावित छात्रों ने सामूहिक रूप से शिक्षा मंत्री से मांग की है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश देकर 8 जून को होने वाली D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा को स्थगित किया जाए और CGPSC मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद नई तारीख घोषित की जाए।

अभ्यर्थियों ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद उन्हें CGPSC मुख्य परीक्षा का अवसर मिला है और दोनों परीक्षाएं उनके भविष्य के लिए निर्णायक हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को जल्द समाधान निकालना चाहिए ताकि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो।

हालांकि अब तक माध्यमिक शिक्षा मंडल या शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं सूत्रों के मुताबिक अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए आवेदन पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव रेणु पिल्ले ने परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है।

Spread the word