दिल दहला देने वाली घटना: पति-पत्नी ने लगाई फांसी, दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला मुख्यालय से एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आर्य नगर स्थित एक मकान में पति-पत्नी की लाश फांसी पर लटकी मिली, वहीं उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पाए गए।

घर में मिली चार लाशें

यह घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर की है। यहां रहने वाले गोविंद साहू (45 वर्ष) और उनकी पत्नी चंचल साहू के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। वहीं उनकी 13 वर्षीय बेटी दृष्णा साहू और 10 वर्षीय बेटे यशांत साहू का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला।

बच्चों को इंजेक्शन देने की आशंका

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चों को नींद का इंजेक्शन देकर मौत की नींद सुलाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

 मौके से मिला सुसाइड नोट

घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। पुलिस नोट की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा सके।

इलाके में शोक और सनसनी

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

Spread the word