काम के दौरान क्रेन ऑपरेटर की हालत बिगड़ी, हार्ट अटैक से मौत

कोरबा 22 मई। झारखंड के पलामू जिलांतर्गत गोराडीह मोहम्मदगंज के निवासी क्रेन ऑपरेटर राहुल सिंह 38 वर्ष की काम के दौरान तबीयत बिगड़ी और हार्टअटैक से मौत हो गई। पॉवरमेक कंपनी के अंतर्गत काम कर रहे राहुल की मौत से उसके परिवार पर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने कंपनी से 10 लाख का मुआवजा और अन्य राहत देने का दबाव बनाया है।

कोरबा जिले में भारत एल्यूमिनियम कंपनी के अधीन कई कंपनियां काम कर रही है। इन्हीं में से एक पॉवरमेक की भी साइट है, जहां पर 38 वर्षीय राहुल सिंह पिछले काफी समय से नियोजित था। वह टेक्निकल साइट का हिस्सा था और क्रेन ऑपरेटर के तौर पर सेवाएं दे रहा था। खबर के अनुसार राहुल गुरुवार को ड्यूटी पर उपस्थित हुआ। कुछ घंटे बाद उसने असहज महसूस किया और इसकी जानकारी सहयोगियों को दी। आनन-फानन में उसे कोरबा के एक निजी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कराई गई। फौरी तौर पर परीक्षण में मालूम चला कि उसे हार्टअटैक हुआ है और फिर कुछ देर बाद उसका जीवन समाप्त हो गया।

जानकारी मिली कि काफी ना-नुकुर के बाद इस मामले में कंपनी ने न्यूनतम मुआवजा देना मंजूर किया। इस पर परिजनों ने आपत्ति दर्ज कराई। कंपनी का रूख है कि वह तीन लाख से ज्यादा सहायता नहीं करेगी। उसने डेडबॉडी को अपने खर्च पर मृतक के गृहग्राम भेजना तय किया है। अन्य मुद्दों पर उसकी चुप्पी है। मृतक के स्थानीय करीबियों ने बताया कि कंपनी ने पहले राहुल को तबीयत बिगडने पर घर भेजना चाहा था लेकिन बाद में किसी की सलाह पर अस्पताल भिजवाया।

सामाजिक संरक्षण की चुनौती
राहुल की मृत्यु से उसकी पत्नी और दो बच्चों के सामाजिक संरक्षण की चुनौती उत्पन्न हो गई है। एक बालक दिव्यांग है यह बड़ा मसला है। परिजनों ने पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की है।

Spread the word