कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: विद्युत तार चोरी मामले में 24 घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बांकीमोंगरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने विद्युत तार चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए विद्युत तार सहित घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कटघोरा के सहायक अभियंता रंजीत पैकरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12-13 मई की दरमियानी रात सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने विद्युत पोल को क्षतिग्रस्त कर लगभग 3100 मीटर विद्युत तार चोरी कर लिया था।

मामले में थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू (कबाड़ी दुकान संचालक), निवासी राजीवनगर कटघोरा
  • विजयपाल कंवर, निवासी अमरपुर सिंघाली
  • शेखर सिंह अगरिया, निवासी सिंघाली बस्ती
  • अनुप कुमार चौहान, निवासी सिंघाली बस्ती
  • मोहनलाल रोहिदास, निवासी जवाली बांकीमोंगरा

बरामद सामग्री

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने—

  • चोरी किया गया विद्युत तार
  • विद्युत खंभों में लगे लोहे के उपकरण और चैनल
  • एक मोबाइल फोन
  • एक साइकिल

बरामद किया है।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित छत्तीसगढ़ विद्युत अधिनियम 2003 और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया है।

Spread the word