कोरबा विशेषः संक्षिप्त समाचार

सुशासन तिहार-2026– मोरगा, ढोंगदरहा में जनसमस्या निवारण शिविर 21 मई को
कोरबा 20 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत राज्य शासन के निर्देषानुसार कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आम जनता के समस्याओं के निराकरण करने, उन्हें शासकीय योजनाओं की जानकारी देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किये जाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न कलस्टर ग्रामों में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 21 मई को प्रातः 10 बजे से विकासखंड पोंड़ीउपरोड़ा के ग्राम पंचायत मोरगा और कोरबा के ग्राम ढोंगदरहा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित होगा।
…………..
कोरबा जिले में कल से घूमेगी ‘‘नुक्कड़ नाटक सह एलईडी वैन‘‘ जनगणना 2027 के प्रथम चरण का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
कोरबा 20 मई 2026/ जिला कोरबा में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत जिले में 21 मई 2026 से 24 मई 2026 तक (कुल 04 दिवस) ‘‘नुक्कड़ नाटक सह एलईडी वैन‘‘ का संचालन किया जाएगा.
जनगणना अधिकारी ओंकार यादव ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को जनगणना के प्रति जागरूक करना है. यह वैन जिले के विभिन्न निर्धारित रूटों से होकर गुजरेगी और सार्वजनिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों जैसे-हाट-बाजार, बड़ी ग्राम पंचायत सभाओं, मेलों, बड़े स्कूलों, प्रार्थना स्थलों तथा आयोजित सुशासन तिहार आदि स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों और डिजिटल माध्यम से लोगों को जानकारी देगी।
प्रचार-प्रसार वाहन के सुचारू संचालन के लिए रूट और प्रभारी अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है. अभियान के पहले दिन, 21 मई 2026 (गुरूवार) को यह वैन तहसील पोड़ीउपरोड़ा, तहसील कटघोरा एवं नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र में रहेगी। इसके बाद 22 मई 2026 (शुक्रवार) को तहसील व नगर पंचायत पाली, तहसील हरदीबाजार, तहसील व नगर पालिका परिषद दीपका, तथा तहसील, जोन व नगर पंचायत दर्री और छुरीकला में इसका संचालन किया जाएगा। तीसरे दिन, 23 मई 2026 (शनिवार) को नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत आने वाले समस्त प्रमुख चौक-चौराहों एवं आवासीय परिसरों (सभी जोन हेतु) में कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान के अंतिम दिन, 24 मई 2026 (रविवार) को वैन तहसील भैसमा, करतला एवं बरपाली क्षेत्र का भ्रमण करेगी।
सभी संबंधित चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार/मुख्य नगर पालिका अधिकारी/आयुक्त) को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वैन का सफल संचालन सुनिश्चित कराएं. सुरक्षा के लिहाज से एलईडी वैन के रात्रि विश्राम और समुचित सुरक्षा की व्यवस्था संबंधित थानों में रखने की जिम्मेदारी चार्ज अधिकारियों की होगी.
इस पूरे अभियान के प्रभावी संचालन के लिए श्री योगेश साहू (मो. नं. 97537-76935) को नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी का प्रभारी बनाया गया है, वहीं, जिला स्तर पर बेहतर समन्वय के लिए जिला मास्टर ट्रेनर श्री विजय शर्मा (मो. नं. 80850-67872) से संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि जब यह प्रचार वाहन उनके क्षेत्र में पहुंचे, तो नुक्कड़ नाटक व जानकारियों को अवश्य देखें और राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
………………..
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना
कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी आवेदन पत्र 27 जून तक कर सकते हैं जमा
कोरबा 20 मई 2026/ आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास रायपुर द्वारा दिये गये निर्देशानुसार मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजनान्तर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु 26 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक लिखित परीक्षा का आयोजन किया जायेगा।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु जिले के अभ्यर्थी/अभिभावक अपने क्षेत्र के प्राचार्य, प्रधानपाठक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर 27 जून 2026 तक कार्यालयीन समय में आवेदन प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं।
……………….
प्रयास आवासीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा का मॉडल उत्तर जारी;
परीक्षार्थी 30 मई तक स्वयं उपस्थित होकर दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
कोरबा, 20 मई 2026/ शिक्षण सत्र 2026-27 में प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए छत्तीसगढ़ राज्य में दिनांक 10 मई 2026 को प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन किया गया था। उक्त परीक्षा के सुचारू संचालन के पश्चात, प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने हेतु विभाग द्वारा प्राक्चयन परीक्षा का मॉडल उत्तर 20 मई 2026 को विभागीय वेबसाइट पर विधिवत अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा में सम्मिलित सभी परीक्षार्थी मॉडल उत्तर का अवलोकन विभागीय वेबसाइट www.eklavya.cg.nic.in पर जाकर कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यदि किसी परीक्षार्थी को जारी किए गए मॉडल उत्तर के संबंध में कोई आपत्ति है, तो वे इस विषय में अपना दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए परीक्षार्थियों को कार्यालय कलेक्टर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा में स्वयं उपस्थित होकर अपना आवेदन भौतिक रूप से प्रस्तुत करना होगा। दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है। इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि डाक, कूरियर अथवा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित अंतिम तिथि की समाप्ति के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा तथा समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वतः अमान्य माने जाएंगे।
……………….
