मरवाही के जंगल में अब फिर दिखा दुर्लभ सफेद भालू, इलाके में दहशत

40 साल पहले भी यहीं मिला था सफेद भालू, कोरबा में 25 साल पहले पाया गया था सफेद कौवा

गौरेला पेंड्रा मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल के जंगलों में दुर्लभ एल्बिनो यानी सफेद भालू दिखाई देने से इलाके में सनसनी फैल गई है। काले भालुओं के बीच नजर आए इस सफेद भालू को देखकर ग्रामीण जहां हैरान हैं, वहीं उसके हमले के बाद लोगों में डर का माहौल भी बन गया है।

जानकारी के अनुसार, आमादांड गांव के जंगलों में दिखाई दिए सफेद भालू ने स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह कोई अलग प्रजाति नहीं बल्कि जीन परिवर्तन के कारण रंग में बदलाव का मामला है। इस स्थिति को विज्ञान की भाषा में “एल्बिनिज्म” कहा जाता है, जिसमें भालू का रंग काले की बजाय सफेद दिखाई देता है।

घटना के बाद Chhattisgarh Forest Department अलर्ट मोड पर है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

आपको बता दें कि करीब 40 साल पहले भी मरवाही के जंगल में सफेद भालू पाया गया था। बाद में कमली नाम के भालू को भोपाल ले जाया गया था।

यही नहीं, 1999 में कोरबा में एक सफेद रंग का कौवा भी पाया गया था। यह कौवा मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम के डिपो में लगातार अनेक दिनों तक दिखाई देता था। इसी डिपो के स्थान पर इस समय जिला एवं सत्र न्यायालय भवन संचालित है। डिपो मैनेजर के ऑफिस के स्थान पर वर्तमान में जिला अधिवक्ता संघ के बार रूम का संचालन किया जा रहा है।

Spread the word