आंधी- तूफान और बारिश में गई बिजली, रात भर परेशान रही हजारों की आबादी

कोरबा। शनिवार की शाम अचानक आये तेज आंधी-तूफान व बारिश से कोरबा पश्चिम क्षेत्र का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कुसमुण्डा क्षेत्र में आंधी की वजह से कई पेड़ व बिजली के खम्बे गिर गये। फलस्वरूप बिजली गूल होने से रात भर कोयलांचलवासी परेशान रहे। भीषण गर्मी व उमश के बीच घरों में कुलर व पंखे, एसी के नहीं चलने से लोगों को रतजगा करना पड़ा हालांकि बिजली विभाग द्वारा मौसम के शांत होने के बाद गिरे खम्भे तथा टूटे हुए तारों को सुधार का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। लेकिन कई स्थानों पर बिजली के खम्भे गिरने तथा तारों के टूटने के कारण रात में गेवरा बस्ती, धरमपुर, आदर्शनगर कालोनी में बिजली व्यवस्था को बहाल नहीं किया जा सका। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आज रात तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है। प्रेमनगर, सुराकछार तथा अन्य क्षेत्रों की स्थिति भी ऐसी ही रही जहां लोग बिजली की आंख मिचौली से परेशान रहे। कुसमुण्डा क्षेत्र में स्थित नरईबोध की जेलपारा बस्ती का हाल काफी बेहाल रहा। यहां आंधी के कारण कई घरों के छप्पर उड़ गये और लोगोंं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जेलपारा के लोगों ने बताया कि एसईसीएल द्वारा बस्ती का अधिग्रहण कर लिया गया है लेकिन उन्हें मुआवजा रोजगार तथा उचित बसाहट देने के मामले में प्रबंधन द्वारा आनाकानी की जा रही है। जिसकी वजह से वे अपने-अपने घरों में निवास कर रहे है।

Spread the word