कोरबा विशेषः संक्षिप्त समाचार

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से युवाओं को मिलेगा रोजगारोन्मुख अवसर
कोरबा, 12 मई 2026/ जिले के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एक सुनहरा अवसर लेकर आई है। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों में इंटर्नशिप के माध्यम से कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा और भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
योजना के तहत चयनित युवाओं को प्रतिमाह लगभग 9000 रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही 6 से 9 माह तक का कार्य अनुभव प्राप्त होगा, जिससे युवाओं के कौशल, आत्मविश्वास और व्यावसायिक क्षमता का विकास होगा।
युवाओं को इस योजना से जोड़ने हेतु माय भारत प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है। जिले के इच्छुक युवा पहले माय भारत पोर्टल में पंजीयन कर सकते हैं, जिसके माध्यम से उन्हें सीधे प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इससे आवेदन प्रक्रिया सरल और सुगम होगी तथा अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ मिल सकेगा।
जिला कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के सभी युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की कार्यप्रणाली से जोड़ना तथा उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है। उन्होंने युवाओं को समय पर पंजीयन कर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
अधिक जानकारी और पंजीयन के लिए युवा माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध विवरण का उपयोग कर सकते हैं। योजना का लिंक https://mybharat.gov.in
उक्त कार्यक्रम में श्री ओंकार यादव, अपर कलेक्टर कटघोरा, श्री नितिन कुमार शर्मा, उप निदेशक माय भारत तथा जिले के सभी महाविद्यालयों एवं आईटीआई के प्राचार्य उपस्थित थे।
……………..
निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य शिविर 16 एवं 17 मई को
कोरबा 12 मई 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी के नेतृत्व में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोरबा द्वारा 16 एवं 17 मई को निःशुल्क मानसिक रोग निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जैन भवन, पुराना बस स्टैंड, कोरबा में आयोजित होगा।
शिविर में मुंबई के नायर हॉस्पिटल से संबद्ध क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनिता खंडूरी अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगी। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क परामर्श एवं उपचार सुविधा का लाभ उठाएँ।
……………..
पांच से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के टाईप-1 डायबिटीज एवं सिकल सेल रोग जॉच हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
कोरबा 12 मई 2026/ स्वास्थ्य विभाग एवं यूनिसेफ के सहयोग से जिले में 05 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समय पर रोग की पहचान के उद्देश्य से बाल मधूमेह ( टाईप-1 डायबिटीज) एवं सिकल सेल रोग (एससीडी) स्क्रीनिंग हेतु 18 मई को रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोरबा एवं 20 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटघोरा में प्रातः 9.00 बजे से 2.00 बजे तक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जाँच, परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने जिले के सभी अभिभावकों से अनुरोध किया है कि अपने बच्चों को समय पर शिविर में लाकर स्वास्थ्य परीक्षण करवाएं एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
……………..
गिधौरी में 13 मई को और 14 मई कोे सिंघाली एवं केराकछार में आयोजित होगी
जनसमस्या निवारण शिविर
कोरबा 12 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आम जनता के समस्याओं के निराकरण करने, उन्हें शासकीय योजनाओं की जानकारी देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किये जाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न कलस्टर ग्रामों में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 13 मई को प्रातः 10 बजे से विकासखंड करतला के ग्राम गिधौरी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित की जायेगी। इसी तरह 14 मई को कटघोरा के ग्राम सिंघाली एवं कोरबा के ग्राम केराकछार, 15 मई को पोंड़ीउपरोड़ा के ग्राम सिरमिना, 16 मई को पाली के ग्राम रामाकछार और 19 मई को पोंड़ीउपरोड़ा के ग्राम लमना, पाली के ग्राम नगोई व कटघोरा के ग्राम डोंगरी में शिविर आयोजित होंगे।
……………..
