अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर धमकी दी

वाशिंगटन/तेहरान. अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर धमकी दी है कि अगर तेहरान ने कोई गलती की तो फिर से सैन्य हमला शुरू हो सकता है। साथ ही उन्होंने ईरान के 14 सूत्रीय प्रस्ताव पर कहा कि मैं जल्द उसकी समीक्षा करूंगा, पर मुझे नहीं लगता कि यह स्वीकार्य होगा। प्रस्ताव में समुद्री नाकेबंदी हटाने व हर मोर्चे पर जंग खत्म करने की बात कही गई है। इस बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि ट्रंप को अब ‘असंभव सैन्य अभियान’ या फिर ‘इस्लामिक गणराज्य ईरान के साथ एक खराब समझौते’ में से किसी एक को चुनना होगा। उप-विदेशमंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि ट्रंप तय करें कि कूटनीति का रास्ता चुनना है या फिर युद्ध लड़ना है। ईरान दोनों के लिए तैयार है। उधर, चीन ने ईरान से तेल खरीदने वाली अपनी पांच कंपनियों पर लगे अमरीकी प्रतिबंधों को मानने से इनकार कर दिया है।

सीरिया के रास्ते तेल निर्यात…

होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने के चलते इराक ने 14 साल में पहली बार सीरिया के रास्ते अपना तेल निर्यात शुरू किया है। 70 टैंकरों का एक काफिले ने सीरिया में भूमध्यसागर तट पर स्थित बानियाज रिफाइनरी का रुख किया है। इस बीच ईरान युद्ध के कारण 30 साल में पहली बार कुवैत ने अप्रेल माह में कच्चे तेल का एक बैरल भी निर्यात नहीं किया है।

ईरान ने निकाला अपना सुपर टैंकर…

ईरान ने अपना एक सुपर टैंकर एशिया-प्रशांत क्षेत्र तक पहुंचा दिया है। मॉनिटरिंग फर्म टैंकरट्रैकर्सडॉटकॉम के अनुसार 1.90 मिलियन बैरल कच्चा तेल लेकर जा रहे इस टैंकर ने 13 अप्रैल को अमरीकी नाकेबंदी को चकमा दिया था। वहीं अमरीकी नेवी का दावा है कि नाकेबंदी शुरू होने से अब तक 48 शिपों को रोका गया है।

Spread the word