दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक सवार दंपति को कुचला, मौके पर मौत

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ओडगी थाना क्षेत्र के ओडगी-पाल-दनौली मुख्य मार्ग पर शंकर चौक और फॉरेस्ट कॉलोनी के बीच हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठरकी निवासी लालचंद चेरवा (24) अपनी पत्नी अंजुलता लता चेरवा (23) को इलाज के लिए सूरजपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी जेसीबी के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मृतकों के शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी चालक नाबालिग था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

वहीं, ओडगी थाना प्रभारी निरीक्षक जे.एस. कंवर ने बताया कि चालक के नाबालिग होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है, क्योंकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर लिया है और मामले में सड़क दुर्घटना का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Spread the word