अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, करंट से मौत दिखाने की रची साजिश

जांजगीर। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पति ने दूसरी महिला से संबंध के चलते अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसे करंट से मौत का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मृतका की पहचान ललिता मिरी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति महेंद्र कुमार मिरी है। घटना 28-29 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महेंद्र का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

घटना की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर महेंद्र ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने साक्ष्य छिपाने के लिए बाथरूम में बाल्टी में पानी भरकर इमर्शन रॉड चालू किया और शव को उसके पास रख दिया, ताकि मामला करंट लगने से मौत का लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Spread the word