टीपी नगर चौक में ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने वाला ट्रेलर चालक गिरफ्तार, 1.50 लाख की क्षति

कोरबा 30 अप्रैल। टीपी नगर (ट्रांसपोर्ट नगर) चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दुर्घटना में ट्रैफिक सिग्नल लाइट, एडवर्टाइजिंग पोल, काउंटडाउन टाइमर और निगम का कैमरा टूट गया, जिससे करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
मामले में प्रार्थी दिनेश कुमार आदित्य (49 वर्ष), निवासी रजगामार गायत्री नगर, ने चौकी सीएसईबी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत हैं और शहर में ट्रैफिक सिग्नलों के मेंटेनेंस का काम देखते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 1.30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक, राजस्थानी होटल के सामने ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीजी 7284 का चालक तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रैफिक सिग्नल के एडवर्टाइजिंग पोल से जा टकराया। हादसे में सिग्नल पोल सहित कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रकरण में चौकी सीएसईबी पुलिस ने अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक रामलाल अगरिया (24 वर्ष), निवासी ग्राम परला खतौउहा पारा, थाना बांगो, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन को भी जप्त कर लिया गया।
