ट्रेलर की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की मौत, दो घायल

विवाह कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे तीनों युवक
कोरबा 25 अपै्रल। कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर कसनिया के पास हुए हादसे में तीन युवक बुरी तरह से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाई और उन्हें अस्पताल भिजवाया। मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में एक युवक की मौत हो गई। दो अन्य के बारे मेें जानकारी हासिल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार दर्री पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाटा बस्ती में रहने वाले 22 वर्षीय प्रवेश यादव की इस दुर्घटना के चक्कर में मौत हो गई। वह अपने दो दोस्तों के साथ पल्सर बाइक पर सवार होकर कटघोरा के आगे सुतर्रा गया हुआ था, जहां पर पिछली शाम वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। कुछ घंटे बिताने के बाद तीनों मित्र बाइक से दर्री लौट रहे थे। कसनिय मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने बाइक सवारों को एक तरफ दबाया। बाइक का हेंडल वाहन से स्पर्श हुआ जिसके कारण तीनों युवक गिर पड़े। दुर्घटना को अंजाम देकर ट्रेलर वाहन चालक भाग निकला। आसपास के लोगों को इस बारे मेें खबर हुई तो उन्होंने फौरी तौर पर पीडितों की सुध ली।
प्रवेश के भाई प्रमोद यादव ने बताया कि अस्पताल भिजवाने के बाद संबंधित लोग निगरानी करते रहे। उपचार के दौरान प्रवेश की मौत हो गई। घटना में घायल प्रवेश के दो साथियों को कहां भर्ती कराया गया है इसकी जानकारी नहीं मिली है। आज सुबह मेडिकल कॉलेज हास्पिटल चौकी पुलिस ने वहां से प्राप्त मेमो पर मर्ग कायम किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि पीएम रिपोर्ट और घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी के विश्लेषण के आधार पर इस मामले में अगली कार्यवाही की जाएगी।
