दुनिया का सबसे ताकतवर सैन्य गठबंधन नाटो टूट की कगार पर.!

वाशिंगटन/तेहरान। दुनिया का सबसे ताकतवर सैन्य गठबंधन कहा जाने वाला नाटो अब टूट की कगार पर है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड अमरीकी दावा जताने के बाद से शुरू हुआ मनमुटाव ईरान युद्ध में साथ न देने के मुद्दे पर और गंभीर हो चला है। अमरीका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ की अगुवाई में ट्रंप प्रशासन ने एक सूची तैयार की है। इसमें मददगार (नाइस) और मदद न करने वाले देशों (नॉटी) के नाम हैं। नाइस कैटेगरी में इजराइल, पोलैंड, साउथ कोरिया, बाल्टिक सागर के पास के देश और जर्मनी को शामिल माना जा रहा है। इन्हें अमरीका कुछ रियायतें दे सकता है। दूसरी ओर स्पेन, फ्रांस, यूके हैं। इनसे ट्रंप खासे नाराज हैं।

मोजतबा खामेनेई के पैर में तीन सर्जरी

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। इसके अनुसार हमले में मोजतबा को गंभीर चोटें आई हैं। उनके एक पैर का तीन बार ऑपरेशन हुआ है। उनका चेहरा और होंठ झुलस गए हैं। इस कारण बोलने में भी मुश्किल हो रही हैं। वह अभी सक्रिय हैं।

हो सकती है ये कार्रवाई

* अमरीकी रक्षा तकनीक की ब्रिकी रोकी जा सकती है

* अमरीका इन देशों से अपनी सेना को हटा सकता है।

* टैरिफ का हथियार अमरीका के पास पहले से ही है।

यूरोप को ये नुकसान

* यूरोप पर रूस का प्रभाव बढ़ेगा।

* यूरोपीय देशों को अपना सैन्य खर्च बढ़ाना पड़ेगा।

* जियो पॉलिटिक्स में यूरोप का प्रभाव कम होगा।

इजराइल-लेबनानः 3 हफ्तों का सीजफायर

व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप ने इसकी घोषणा की कि लेबनान-इजराइल के बीच युद्ध विराम तीन सप्ताह के लिए बढ़ गया है। वह लेबनान के राष्ट्रपति और इजराइली प्रधानमंत्री के अमरीका आने पर उनसे मिल सकते हैं।

भारतीयों को सलाह ईरान की यात्रा न करें

ईरान में भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीयों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि वह ईरान की यात्रा सड़क या हवाई मार्ग से न करें। भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्थिति को अभी भी गंभीर बताया।

Spread the word