नाले के पास नियम विरुद्ध राखड़ पाटने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश


कोरबा 24 अपै्रल। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीडिया में फ्लाई ऐश (राखड़) के नियम विरुद्ध निस्तारण का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रशासन की जानकारी और पर्यावरण संरक्षण मंडल की अनदेखी के बीच लो-लाइन एरिया में राख पाटा जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर राख डाली जा रही है, उसके नजदीक ही एक नाला स्थित है, जो जल का जीवंत स्रोत है। नियमों के तहत नदी-नालों से कम से कम 500 मीटर दूरी पर फ्लाई ऐश डालना अनिवार्य है, लेकिन यहां महज 100 मीटर की दूरी पर ही राख पाटी जा रही है। ऐसे में बारिश के दौरान राख के नाले में बहने का खतरा बना हुआ है।

वहीं राख परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही गांव की प्रधानमंत्री सड़क से हो रही है, जिससे सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मापदंडों की अनदेखी कर जल स्रोत और सड़क दोनों को खतरे में डाला जा रहा है। इस मामले को लेकर गांव में नाराजगी का माहौल है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Spread the word