चरित्र शंका और घरेलू विवाद में पत्नी की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 23 अप्रैल 2026। जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस ने एक जघन्य हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चरित्र शंका और घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार ग्राम नयाडीह बुंदेली स्थित एक पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सालिक राम यादव (48) ने अपनी पत्नी चेतकुंवर की हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
