सरकारी जमीन पर राखड़ डंपिंग का आरोप, कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग

कोरबा 23 अपै्रल। कोरबा जिले के छुरीकला क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से राखड़ डंप किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद करुणा शंकर देवांगन ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत छुरीखुर्द अंतर्गत दो स्थानों-गांगपुर से झोरा जाने वाले मुख्य मार्ग के पास विजय घाटी के ऊपर दाईं ओर तथा छुरी से छुरीखुर्द मार्ग पर तालाब के समीपकृकुछ व्यक्तियों द्वारा निजी भूमि बताकर तेजी से राखड़ पाटने का कार्य किया जा रहा है।

पार्षद ने आरोप लगाया है कि यह पूरा क्षेत्र पहले से ही एनटीपीसी के राखड़ डेम से प्रभावित है। डेम से उड़ने वाली राख के कारण आसपास के लोग पहले ही परेशान हैं, वहीं अब अतिरिक्त रूप से राखड़ डंपिंग से स्थिति और गंभीर हो गई है।

शिकायत के अनुसार, इस गतिविधि से पर्यावरण प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। क्षेत्र का पानी भी प्रभावित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इनमें त्वचा रोग, सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां प्रमुख हैं।

यह भी उल्लेख किया गया है कि बारिश के दौरान राखड़ बहकर खेतों तक पहुंच जाती है, जिससे कृषि भूमि भी प्रदूषित हो रही है और फसलों पर असर पड़ रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति दावा कर रहे हैं कि उनके पास इस कार्य के लिए सभी विभागों से अनुमति प्राप्त है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए इस कार्य को बंद कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को प्रदूषण से राहत मिल सके।

Spread the word