निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कोरबा 16 अपै्रल। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काशी नगर बुधवारी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन मकान में काम करते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान दादर बस्ती निवासी टीकाराम यादव (28) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह दो मंजिला मकान में सरिया बिछाने का काम कर रहा था। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह छत से नीचे गिर गया। घटना के बाद साथियों ने उसे तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, टीकाराम परिवार का सबसे छोटा और कमाने वाला सदस्य था। उसने घर की जिम्मेदारियों के चलते शादी भी नहीं की थी। उसकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
