नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट का भंडाफोड़, 5 लाख की खेप जब्त

बिलासपुर। शहर में नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। व्यापार विहार स्थित मालधक्का इलाके में डुप्लीकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली से आई आईटीसी कंपनी की टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपए की नकली सिगरेट जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, आईटीसी कंपनी को पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि बिलासपुर में नकली सिगरेट का कारोबार चल रहा है। इस पर टीम के सदस्य बुधवार को शहर पहुंचे और सबसे पहले पान-ठेलों से सिगरेट के सैंपल लिए। जांच में पाया गया कि बाजार में बिक रही सिगरेट नकली है।
इसके बाद टीम ने दुकानदारों से सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई और खुद ग्राहक बनकर थोक में सिगरेट की मांग की। कारोबारी ने उन्हें महाराणा प्रताप चौक स्थित निगम कॉलोनी के पास बुलाया। यहां टीम को थोक सप्लायर रोशन चंदानी की फर्म तक पहुंच मिली।
टीम ने मौके पर पहुंचकर सिगरेट की जांच की और ओरिजनल प्रोडक्ट से मिलान किया। जांच में माल पूरी तरह नकली पाया गया। इसके बाद टीम ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और जब्त सिगरेट थाने में जमा कराई।
पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है और जल्द ही केस दर्ज किया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नकली सिगरेट का यह कारोबार रोजाना करीब 2 लाख रुपए से अधिक का बताया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, असली और नकली सिगरेट की पहचान पैकेट की प्रिंटिंग, होलोग्राम, कोड, सिगरेट स्टिक की बनावट और स्वाद से की जा सकती है। इस नेटवर्क के जरिए शहर के कई छोटे-बड़े दुकानों में नकली सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
