एनएचएम कर्मचारी फिर हड़ताल की तैयारी में, 12 अप्रैल को रायपुर में होगी निर्णायक बैठक

रायपुर। मांगें पूरी नहीं होने से नाराज छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल की राह पर जा सकते हैं। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 12 अप्रैल को आमापारा, रायपुर में आयोजित की जाएगी।

बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी और संघ के पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान कर्मचारियों की लंबित मांगों की वर्तमान स्थिति, आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारियों ने नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति और मेडिकल अवकाश समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक माह से अधिक समय तक हड़ताल की थी। सरकार से आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया था, वहीं मांगों के निराकरण के लिए विभागीय समिति भी गठित की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।

एनएचएम के अंतर्गत प्रदेश के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी स्वास्थ्य संस्थानों—आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों सहित पैरामेडिकल स्टाफ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी जिलों से प्रतिनिधि शामिल होंगे और लंबित मांगों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही, भाजपा के घोषणा पत्र में “मोदी की गारंटी” के तहत संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के वादे पर भी चर्चा की जाएगी।

Spread the word