रायपुर, 10 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने आरटीओ कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शोभा राम देवांगन के रूप में हुई है, जो आरटीओ कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। आरोपी पर आरोप है कि वह वाहन का नाम ट्रांसफर कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायतकर्ता ने इस मामले की लिखित शिकायत एसीबी कार्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक फाइनेंस कंपनी की गाड़ी का नाम ट्रांसफर कराने के लिए आरोपी ने 15 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था और उसने इसकी जानकारी एसीबी को दी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप प्लान तैयार किया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 14 हजार रुपए की रिश्वत राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई आरटीओ कार्यालय परिसर के भीतर ही की गई, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों के बीच हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the word