गैस संकट से जूझ रहा गेवरा-दीपका, सिलेंडर के लिए मची अफरा-तफरी

कोरबा 09 अपै्रल। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र में रसोई गैस की भारी किल्लत से आम उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति के कारण गेवरा कंज्यूमर्स कॉपरेटिव कार्यालय में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे परिसर में अव्यवस्था का माहौल बन गया है।

स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार, समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने दो महीने पहले ही गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका है। इस देरी के चलते लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है और रसोई का कामकाज ठप होने की स्थिति बन रही है।

कार्यालय में बढ़ती भीड़ के कारण लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है, जिससे स्थिति और बिगड़ती जा रही है। इधर, समिति के वित्तीय प्रबंधन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2022 से लेखा-जोखा स्पष्ट नहीं होने की बात सामने आ रही है, जिससे गैस खरीदी के भुगतान पर असर पड़ रहा है।

हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और प्रबंधन की ओर से भी कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि समिति में हाल ही में जानाराम कर्ष को अध्यक्ष और छाया देवी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में गैस वितरण व्यवस्था को पटरी पर लाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

Spread the word