भाजपा स्थापना दिवस पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने फहराया विजय ध्वज, गूंजा सेवा और समर्पण का समवेत संकल्प

कोरबा 6 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को भाजपा जिला मुख्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर में एक भव्य और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केसरिया ध्वज के विधिवत आरोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद आयोजित विशेष गोष्ठी में पार्टी की विचारधारा, गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस गौरवशाली अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन एवं वरिष्ठ नेत्री ज्योति वर्मा प्रफुल्ल तिवारी , नवीन अरोरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस पर भाजपा जिला मुख्यालय को आकर्षक झालरों, रंगोली एवं दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर दीपावली की भांति उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन , भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत ने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा की जड़ें 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित जनसंघ में हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के योगदान को याद करते हुए आपातकाल के संघर्ष और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी के बलिदानों को रेखांकित किया गया। कहा कि तात्कालिक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लागू कर विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी के नेताओं ने संघर्ष जारी रखा।
