जूस की बर्फ से निकला मरा मेंढक, चौपाटी में मचा हड़कंप

कोरबा 04 अप्रैल। शहर के घंटाघर चौपाटी क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जूस दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ के अंदर से मृत मेंढक निकल आया। इस घटना से मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और क्षेत्र में स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जूस बनाते समय जैसे ही बर्फ तोड़ी गई, उसमें मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर ग्राहकों में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही चौपाटी समिति के अध्यक्ष ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की और संबंधित दुकान से खाद्य सामग्री लेने से बचने को कहा।
स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए खाद्य विभाग और नगर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दोषी दुकान पर कड़ी कार्रवाई और क्षेत्र में सघन जांच की मांग की है।
विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित बर्फ के उपयोग से फूड पॉयजनिंग जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
