चचिया में रबी फसल रौंदकर हाथियों के दल ने किया धरमजयगढ़ का रूख

कोरबा 28 मार्च। वनमंडल कोरबा के पसरखेत, कुदमुरा एवं कोरबा रेंज में लगभग तीन सप्ताह तक विचरण करने के बाद 9 हाथियों के दल ने बीती रात धरमजयगढ़ का रूख कर लिया।
हाथियों ने जाने से पहले कुदमुरा रेंज के चचिया गांव में 5 से अधिक ग्रामीणों के खेतों में लगे धान की रबी फसल को रौंद दिया, जिससे संबंधित ग्रामीणों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। हाथियों ने जिस समय मूवमेंट किया उस समय वन विभाग के कर्मचारी एवं हाथी मित्र दल के सदस्य निगरानी में लगे रहे और रात भर हाथियों के दल के पीछे घूमते रहे। सुबह होने से पहले हाथियों ने जब धरमजयगढ़ के जंगल में प्रवेश किया, संबंधित वन अमले को इसकी सूचना देने के बाद वापस लौटा।
इधर पीडित ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन अमला रात में हाथियों द्वारा किए गए नुकसानी के आंकलन की तैयारी में जुट गए हैं। इस बीच कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज में 49 हााथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। हाथियों का दल जटगा क्षेत्र में स्थित पहाड़ पर डेरा डाले हुए है। हाथियों के इस दल को यहां का वातावरण भा गया है। बताया जाता है कि हाथी विगत कई दिनों से पहाड़ पर घूम रहे हैं तथा इसे अपना बसेरा भी बना लिया है। कभी कभार ही यह दल पहाड़ से नीचे उतरता है।
