सॉफ्टवेयर अपडेशन की वजह से 21 से 25 मार्च तक बंद रहेगा राशन वितरण

कोरबा 21 मार्च। सॉफ्टवेयर अपडेशन की वजह से जिले में भी 21 से 25 मार्च तक राशन वितरण बंद रहेगा। इस वजह से दुकानों में सुबह से ही हितग्राही पहुंच रहे हैं। चावल भंडारण समय पर नहीं होना अब भी समस्या बनी हुई है। जिले के करीब 3 लाख हितग्राहियों को अप्रैल में एक साथ जून तक का चावल दिया जाएगा। इस महीने फरवरी का भी चावल दिया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 554 दुकानों से राशन का वितरण किया जाता है। 3.50 लाख राशन कार्ड प्रचलन में हैं, जिसमें 3 लाख से अधिक बीपीएल और प्राथमिकता कार्ड हैं। फरवरी में चावल का भंडारण नहीं होने की वजह से मार्च में एक साथ वितरण करने का आदेश जारी करना पड़ा। अभी भी ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों को एक महीने का ही चावल मिला है।
        बताया जा रहा हैं की सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के लिए 5 दिन तक राशन वितरण बंद रहेगा। इससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी। हालांकि इसके बाद भी 6 दिन का समय और बचेगा। दूसरी ओर एक साथ तीन महीने का चावल देने दुकान संचालकों के पास रखने की जगह नहीं है। ऐसे में अगले महीने तक इंतजार करना पड़ेगा। गोदाम खाली करने के लिए हर साल 2 महीने या 3 महीने का चावल दिया जाता है। राइस मिलर धान उठाव के बाद चावल का भंडारण करते हैं। यहां से ही राशन दुकानों में चावल भेजा जाता है। विभाग का कहना है कि लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी दुकानों की निगरानी की जा रही है।

Spread the word