चैत्र नवरात्रि मेला: डोंगरगढ़ के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने की विशेष व्यवस्था


चैत्र नवरात्रि मेला: डोंगरगढ़ के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने की विशेष व्यवस्था
 
रायपुर। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। माँ बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, कुछ का विस्तार और एक स्पेशल मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे के अनुसार 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है।
इन ट्रेनों का किया गया विस्तार
68742 / 68741 गोंदिया–दुर्ग–गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेन को अस्थायी रूप से रायपुर तक विस्तारित किया गया है।
68729 / 68730 रायपुर–डोंगरगढ़–रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन को गोंदिया तक बढ़ाया गया है।
स्पेशल ट्रेन भी चलेगी
06886 / 06885 डोंगरगढ़–दुर्ग–डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा नवरात्रि मेले के दौरान कुछ दूरगामी एक्सप्रेस ट्रेनों को भी 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हर वर्ष की तरह इस बार भी चैत्र नवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचकर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन करते हैं। रेलवे की इस व्यवस्था से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

Spread the word