“सजग कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने की सघन कार्रवाई

कोरबा 13 मार्च। कोरबा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने “सजग कोरबा” अभियान के तहत सक्रिय पेट्रोलिंग और कार्यवाही की। पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना-चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
थाना कोतवाली पुलिस ने इमली डुग्गू, सीतामढ़ी, संजय नगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रात्रि समय बाइक के माध्यम से सघन पेट्रोलिंग की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 02 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जिनमें लक्ष्मी नारायण पिता छतु दास, उम्र 42 वर्ष, निवासी इमली डुग्गू और गौतम दास पिता गुरविंद दास, उम्र 19 वर्ष, निवासी संजय नगर शामिल हैं।
सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर 02 व्यक्तियों के विरुद्ध 36 (च) पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें रामेश्वर साहू (इमली डुग्गू) और भूपेंद्र पटेल (सीतामढ़ी) शामिल हैं। इसके अलावा, धारा 170 बीएनएसएस के तहत अवैध रूप से शराब बेचने वाले 10 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई। इसमें इमली डुग्गू निवासी विजय कुमार, हिदायत खान, रमेश देवांगन, अशोक यादव, मुनाराम साहू, मुरारी मेनचे, गंगू राम, रामू राम, विष्णु कुमार और जितेंद्र यादव शामिल हैं।
अवैध शराब बिक्री में संलिप्त 03 अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध निगरानी खोलने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नशे के व्यापार में शामिल संजय पावले के विरुद्ध पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
कोरबा पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
