डॉग शो में बाघा का सम्मान, मंत्री ने पहनाया मैडल, मेयर ने दिया प्रशंसा पत्र

उपलब्धियों ने बढ़ाया है जिला पुलिस का मान, केनाइन क्लब ने लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया शो, राज्य और बाहर से भी आए डॉग
कोरबा। बेजुबान किंतु काफी समझदार और वफादारी की मिसाल कहे जाने वाले विभिन्न प्रजाति के डॉग के लिए शो का आयोजन लगातार दूसरे वर्ष कोरबा केनाइन क्लब के द्वारा आयोजित किया गया। डॉग एनिमल वेलफेयर सोसाइटी से सम्बद्ध कोरबा केनाइन क्लब ने 11 जनवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम मैदान में यह विशाल आयोजन रखा।
इस डॉग शो में कोरबा सहित कोरबा जिले से बाहर व छत्तीसगढ़ राज्य सहित राज्य से बाहर के भी विभिन्न डॉग लवर ने अपने-अपने अलग-अलग प्रजाति एवं नस्ल के डॉग को यहां लाया। प्रशिक्षित डॉग्स के द्वारा अपनी प्रतिभाएं प्रस्तुत की गईं जो काफी रोमांच का विषय यहां उपस्थित दर्शकों के लिए बना रहा। गरिमामय कार्यक्रम के अवसर पर जिला पुलिस बल का एक अहम हिस्सा डॉग बाघा को भी इस शो में आयोजक क्लब द्वारा आमंत्रित किया गया। डॉग बाघा को उसकी अनेक उपलब्धियों के साथ-साथ हाल ही में हत्या के एक मामले का खुलासा करने में निभाई गई अहम भूमिका के लिए सम्मानित करने हेतु आमंत्रित किया गया। बाघा को लेकर डॉग मास्टर सुनील कुमार गुप्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
