कांग्रेस का सामूहिक उपवास, मनरेगा का नाम बदलने के प्रस्ताव का किया विरोध

कोरबा 11 जनवरी। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने के प्रस्ताव के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को कोरबा में जोरदार प्रदर्शन किया। पुरानी बस्ती स्थित गांधी चौक पर ‘मनरेगा बचाओ आंदोलन’ के तहत कांग्रेसियों ने सामूहिक उपवास रखकर अपना विरोध दर्ज कराया।

इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रमुख रूप से शामिल हुए। उनके साथ जिला प्रभारी एवं सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत भी मौजूद रहीं। धरना स्थल पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व नगर निगम सभापति श्याम सुंदर सोनी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र सहगल और श्याम सुंदर सोनी ने सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार का कानूनी अधिकार है। इसका नाम बदलना महात्मा गांधी के योगदान का अपमान है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Spread the word