दो स्कूलों की 10 मेधावी छात्राओं को सीएसआर से मिली साइकिल

कोरबा 02 जनवरी। भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय निहारिका कोरबा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा कोरबा एवं शासकीय हाई स्कूल पोड़ीबहार की 10 मेधावी छात्राओं को नव वर्ष पर भारतीय स्टेट बैंक की कार्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम सेजेस साडा के विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुआ।
सर्वप्रथम विद्यालय प्राचार्य द्वारा भारतीय स्टेट बैंक से उपस्थित रीजनल मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव, चीफ मैनेजर अनिल कुमार ओझा, मैनेजर एचआर धीरेंद्र कुमार का स्वागत किया गया। विद्यालय में उपस्थित पालकों व बच्चों को नव वर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसबीआई के रीजनल मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक के द्वारा सीएसआर मद से विद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं को साइकिल वितरित करने से न केवल बालिकाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, बल्कि आवागमन में लगने वाला उनका समय भी बचता है, जिससे छात्राएं अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकती हैं। देश की आर्थिक उन्नति में बैंकों की सहभागिता व महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने बच्चों को नव वर्ष पर समयबद्धता व निरंतर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए परिश्रम करते रहने की सीख दी। नव वर्ष के प्रथम दिवस 10 मेधावी छात्राओं को साइकिल मिलने पर उनके पालकों ने भी हर्ष व्यक्त किया। साइकिल वितरण के इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के रीजनल मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव, चीफ मैनेजर अनिल कुमार ओझा, मैनेजर एचआर धीरेन्द्र कुमार, सेजेस साडा प्राचार्य रणधीर सिंह, सेजेस पोड़ीबहार प्राचार्य गजेंद्र साहू विद्यालय के व्याख्यातागण, शिक्षक, पालक एवं छात्राएं उपस्थित रही।
